रायपुर : राजधानी समेत पूरे प्रदेश में बुधवार को भीषण गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान कर दिया। हालांकि, गुरुवार को मौसम राहत देने वाला हो सकता है। मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार, आज आकाश मेघमय रहेगा और गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि, तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही बना रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के कुछ स्थानों पर अंधड़ और वज्रपात की भी संभावना है। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ 73 डिग्री पूर्व और 32 डिग्री उत्तर में सक्रिय है। इसके अलावा, एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवात पूर्वी बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के ऊपर 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है, जिससे एक द्रोणिका रायलसीमा तक जा रही है।
15 मई को प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश या छींटे पड़ सकते हैं। दक्षिण छत्तीसगढ़ में 16 मई तक वर्षा की गतिविधि प्रमुख रूप से बनी रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान में 20 मई तक कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद तापमान में गिरावट संभव है।
प्रमुख शहरों में तापमान
-
- रायपुर: अधिकतम 41.1°C, न्यूनतम 29.3°C
- माना: अधिकतम 41°C, न्यूनतम 28.4°C
- बिलासपुर: अधिकतम 41.8°C, न्यूनतम 29.3°C
- पेंड्रारोड़: अधिकतम 39.8°C, न्यूनतम 25.6°C
- अंबिकापुर: अधिकतम 39.2°C, न्यूनतम 25.6°C
- जगदलपुर: अधिकतम 32.6°C, न्यूनतम 23.8°C
राजधानी और प्रदेशवासियों को अब कुछ राहत की उम्मीद है, लेकिन गरज-चमक और अंधड़ से सतर्क रहने की आवश्यकता भी बनी हुई है।