अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में गुरुवार को राम मंदिर परिसर में राजाराम समेत 8 देव विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा के लिए भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले प्राण प्रतिष्ठा के अनुष्ठान के दूसरे दिन बुधवार को विभिन्न अधिवास हुए और उत्सव विग्रहों का परिसर भ्रमण कराया गया।
भारत की 21 पवित्र नदियों के जल से सभी देव विग्रहों का अभिषेक किया गया। इससे पहले भगवान राम लला की प्राण प्रतिष्ठा मंदिर में की गई थी, राम लला यानि भगवान राम के बाल रूप प्रतिष्ठा हुई थी। अब राजा राम के साथ 8 देव विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।
प्राण प्रतिष्ठा के बाद सीता राम समेत चारों भाइयों व हनुमान जी को आभूषण पहनाए जाएंगे। यह आभूषण सूरत के हीरा व्यापारी ग्रीन लैब के मालिक मुकेश पटेल ने दान किया है। इसके अलावा चारों भाइयों के लिए चार बड़े और तीन छोटे धनुष भी बनाए गए हैं। चार तुणीर, तीन गदा और चॅवर भी बनाए गए हैं।
22 जनवरी को हुई प्राण प्रतिष्ठा में भी मुकेश पटेल ने बालकराम को मुकुट भेंट किया था। वहीं हैदराबाद के रामभक्त श्रीनिवासन ने राम दरबार के लिए 14 किलो चांदी से धनुष बाण निर्मित कर राम मंदिर ट्रस्ट को सौंपा है। इसमें ढाई किलो का सोना भी लगा है।