कोण्डागांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने अपनी कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए प्रदेश के 11 जिलों में नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की है। इसी कड़ी में कोण्डागांव जिले की कमान वरिष्ठ कांग्रेस नेता बुधराम नेताम को सौंपी गई है।
प्रदेश कांग्रेस में जिलाध्यक्षों के बदलाव की अटकलें काफी समय से लगाई जा रही थीं। हालांकि, संगठनात्मक कारणों से दीपक बैज को अपने कार्यकाल के शुरुआती डेढ़ साल तक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम की कार्यकारिणी के साथ काम करना पड़ा। अब जाकर इन अटकलों पर विराम लगाते हुए नई नियुक्तियां की गई हैं।
कोण्डागांव के पूर्व जिलाध्यक्ष झूमूकलाल दीवान पिछले 5 वर्षों से इस पद पर कार्यरत थे। संगठन में जिलाध्यक्ष का कार्यकाल आमतौर पर तीन वर्षों का होता है, लेकिन इस बार लंबे समय से कोई बदलाव नहीं होने के कारण वे दूसरी पारी तक पद पर बने रहे। उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने कई चुनावी चुनौतियों का सामना किया और संगठन को मजबूती दी। नए जिलाध्यक्ष बुधराम नेताम कोण्डागांव जिले में कांग्रेस के एक मजबूत और जमीनी नेता माने जाते हैं।
वे वर्ष 1994 से 2020 तक लगातार 25 वर्षों तक सरपंच रहे और वर्तमान में भी संबलपुर के सरपंच के रूप में निर्वाचित हैं। उनके कार्यकाल में 20 साल स्वयं उन्होंने सरपंच पद संभाला, जबकि एक पंचवर्षीय उनकी पत्नी सरपंच रहीं।
संगठनात्मक रूप से भी वे काफी सक्रिय रहे हैं। वे संयुक्त बस्तर जिले में गोंडवाना समाज के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं और कांग्रेस संगठन में 10 वर्षों तक कोण्डागांव ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में काम किया है। इस दौरान उन्होंने तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष शहीद नंदकुमार पटेल और भूपेश बघेल के साथ कार्य किया। इसके अलावा, वे मोहन मरकाम के विधायक प्रतिनिधि के रूप में भी काम कर चुके हैं। बुधराम नेताम अब कोण्डागांव जिले की ढाई विधानसभा सीटों पर कांग्रेस को पुन: मजबूत करने की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके पास संगठन का लंबा अनुभव है, जो इस नए कार्यभार में उनके लिए सहायक होगा। वे कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कांग्रेस को जिले में मजबूत करने के लिए पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में हैं।